भक्ति और अटूट श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ बलियारी का महायज्ञ, हवन और पूर्णाहुति में उमड़ा जनसैलाब
कांडी (गढ़वा): प्रखंड अंतर्गत बलियारी ग्राम पंचायत में पिछले कई दिनों से चल रहा आध्यात्मिक अनुष्ठान 'श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ' गुरुवार, 23 अप्रैल को विशाल हवन और विधि-विधान पूर्वक पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर न केवल बलियारी बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने यज्ञशाला की परिक्रमा की और आहुति डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस महायज्ञ की चर्चा पूरे क्षेत्र में इसलिए भी रही क्योंकि यहाँ श्रद्धालुओं ने भक्ति की अनूठी मिसाल पेश की।
यज्ञ के दौरान बलियारी के विकास कुमार दुबे (छोटू दुबे) ने लगातार 24 घंटे और ग्राम पंजरी की बेवी देवी ने 12 घंटे तक बिना रुके अखंड परिक्रमा करने का कठिन संकल्प पूरा किया। उनके इस जज्बे को देखकर यज्ञ समिति और आम लोग भी दंग रह गए।
वहीं 18 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस छह दिवसीय अनुष्ठान में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वानों और मनीषियों के आध्यात्मिक प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुबह से शाम तक यज्ञ मंडप के मंत्रोच्चार और शाम को भक्तिमय भजनों व कथाओं से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बता दें कि यह महायज्ञ शुरू में 4 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन गांव की दो प्रतिष्ठित महिलाओं के आकस्मिक निधन के कारण तिथि में बदलाव कर इसे 18 अप्रैल से शुरू किया गया था। तमाम चुनौतियों के बावजूद ग्रामीणों और आयोजन समिति के आपसी सहयोग से कार्यक्रम का समापन अत्यंत भव्य तरीके से हुआ। पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ की सफल समाप्ति पर आयोजन समिति ने सभी स्थानीय निवासियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
