अवैध राशि कि निकासी को रोकने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन Garhwa

अवैध राशि कि निकासी को रोकने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 
▫️संबंधित कार्यालय के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, प्रधान सहायक एवं बिलिंग क्लर्क को दी गई प्रशिक्षण

▫️वित्तीय प्रक्रिया में सख्ती, वेतन भुगतान का सत्यापन एवं सर्विस बुक अद्यतन रखने के निर्देश

▫️तीन साल से जमे बिलिंग क्लर्क के स्थानांतरण पर जोर
उपायुक्त अनन्य मित्तल के निदेशानुसार आज शनिवार को उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों समेत प्रधान सहायक व बिलिंग क्लर्क के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कुल चार चरणों में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण पूर्वाह्न 10:30 बजे से 11:30 बजे तक, दूसरा चरण पूर्वाह्न 11:45 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक, तृतीय चरण अपराह्न 01:00 बजे से 01:45 बजे तक एवं चतुर्थ चरण में अपराह्न 02:15 बजे से 03:00 बजे तक चला। इस सन्दर्भ में उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी समेत प्रधान सहायक एवं बिलिंग क्लर्क के लिए अवैध निकासी को रोकने से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने इसका उद्देश्य बताते हुए कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि हाल के दिनों में ही झारखण्ड राज्य के बोकारो जिला, हजारीबाग जिला के पुलिस विभाग के द्वारा वेतन मद से काफी बड़ी राशि की अवैध निकासी करने का मामला संज्ञान में आया है। इस अवैध निकासी में सुनियोजित तरीके से अनेक प्रकार का षडयंत्र करते हुए एक बड़ी राशि की अवैध निकासी को अंजाम दिया गया है। फलस्वरूप इस प्रकार की अवैध निकासी को रोकने के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

उप विकास आयुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि जिस तरह आप सभी अपने निजी पैसों को खर्च करने में सतर्कता बरतते हैं, अगर वही सतर्कता कोषागार से निकासी करते समय भी बरती जाये तो अवैध निकासी की संभावना न के बराबर रह जायेगी। उन्होंने सभी डीडीओ को कोषागार से संबंधित वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं अवैध निकासी पर रोक लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेतन भुगतान से पूर्व प्रत्येक कर्मी का समुचित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। कर्मियों के नाम, पदनाम, जन्म तिथि, नियुक्ति तिथि सहित सभी विवरणों का मिलान सर्विस बुक एवं अभिलेखों से सुनिश्चित किया जाए। बिना सत्यापन के वेतन निर्गत नहीं होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि बैंक खाता से संबंधित जानकारी जैसे खाता संख्या, आईएफएससी कोड आदि का सत्यापन पासबुक अथवा रद्द चेक के माध्यम से अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही आधार, पैन, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी जैसे विवरण भी अभिलेखों में अद्यतन रहें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि सभी कर्मियों का एम्पलॉयी प्रोफाइल पूर्ण रूप से अपडेट कर उसे फ्रीज किया जाए, ताकि अनाधिकृत बदलाव की संभावना न रहे। विशेष परिस्थिति में ही प्रोफाइल अनफ्रीज किया जाए और उसकी निगरानी सुनिश्चित की जाये। 

मौके पर उपस्थित कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज ने प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी के जरिए डीडीओ लेवल मैनेजमेंट सिस्टम के सभी प्रविष्टियों को ऑनलाइन अपडेट करने, समय पर अग्रसारित करने तथा आईटीसी कोड के अनुरूप सत्यापन करने आदि की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा एसीपी/एमएसीपी जैसी सेवा संबंधित प्रविष्टियों को भी अद्यतन रखने की बात कही गई। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में अस्थायी आईडी का दुरुपयोग न हो तथा अनावश्यक आईडी को हटाया जाए। सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि कोई भी पदाधिकारी अपना ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं के अनुपालन के प्रमाण स्वरूप डीडीओ द्वारा विपत्रों में प्रमाण-पत्र अंकित करना अनिवार्य होगा। बिना प्रमाण-पत्र के कोषागार से कोई भी भुगतान नहीं किया जाएगा। कोषागार पदाधिकारी ने सभी को ट्रेजरी से जुड़े विभिन्न नियमों से सभी डीडीओ को अवगत कराया। 

एहतियातन वित्तीय अनुशासन को और भी मजबूत करने के लिए उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही पद पर कार्यरत बिलिंग क्लर्कों का स्थानांतरण या कार्य परिवर्तन सुनिश्चित करने को कहा। जिन कार्यालयों में केवल एक ही लिपिक हैं, वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। 

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार एवं श्री बंशीधर नगर के प्रभाकर मिर्धा, जिला नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरी समेत जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी, कार्यालय प्रधान, बिलिंग क्लर्क एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित रहें।

Latest News

अवैध राशि कि निकासी को रोकने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन  Garhwa