गढ़वा में प्रचंड गर्मी के बीच “जायंट्स सहेली” की सराहनीय पहल, राहगीरों को मिल रही ठंडे पानी की राहत
गढ़वा: भीषण गर्मी के इस दौर में सामाजिक सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली ने हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शहर में पनशाला की शुरुआत की है। संस्था द्वारा शहर के व्यस्ततम मेन रोड पर रितु जायसवाल (स्व. डॉ. एस कुमार के निवास) एवं घड़ा पट्टी के पास विमला केशरी (ॐ मेडिकल के समीप) दो स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर दिनभर भारी संख्या में राहगीरों की आवाजाही रहती है, ऐसे में ठंडे पानी की उपलब्धता लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। तेज धूप और तपती गर्मी के बीच यह पहल न सिर्फ इंसानों के लिए, बल्कि खुले में भटक रहे पशु-पक्षियों के लिए भी अलग से शीतल जल की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दे रही है।
इस सराहनीय कार्य की शहर भर में प्रशंसा हो रही है। संस्था की अध्यक्ष रीमा स्वरूप ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। गर्मी के इस कठिन समय में जरूरतमंदों को शीतल जल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है और आगे भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”
प्रशासनिक निदेशक रीना सोनी ने कहा कि “जायंट्स सहेली हमेशा समाजहित में कार्य करती रही है। यह पहल न केवल लोगों को राहत देती है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देती है।”
वहीं पूर्व अध्यक्ष रितु जायसवाल ने कहा कि “गर्मी के मौसम में प्यासे राहगीरों को पानी पिलाना सबसे बड़ी सेवा है। इससे आत्मिक संतोष मिलता है और यही हमारी प्रेरणा है।”
रंजना जायसवाल ने भी इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि संस्था आगे भी ऐसे कार्यों को और व्यापक रूप देगी।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में संस्था की सदस्य लता गुप्ता, माला केसरी, प्रीति सोनी, रीना केसरी, विमल केसरी, वार्ड पार्षद मीरा केसरी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
