डंडई से संवाददाता: बिंदु कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा की बेटी प्रियंका बनीं महिला पर्यवेक्षिका, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सौंपा नियुक्ति पत्र
गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड अंतर्गत लवाही गांव की रहने वाली प्रियंका कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्रियंका का चयन महिला पर्यवेक्षिका (Female Supervisor) के पद पर हुआ है, जिससे गांव और आसपास के इलाकों में गर्व और खुशी का माहौल है।
हाल ही में राजधानी रांची में आयोजित एक भव्य समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं प्रियंका कुमारी को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस खास पल में प्रियंका के चेहरे पर आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति उत्साह साफ झलक रहा था। समारोह में राज्यभर से चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
प्रियंका की इस उपलब्धि से उनके परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। गांव लवाही में जैसे ही यह खबर पहुंची, ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और प्रियंका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रियंका की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
प्रियंका एक शिक्षित और संस्कारी परिवार से आती हैं। उनके पिता श्रीधर कुमार एक सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनके दादाजी स्वर्गीय मुगा राम भी शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षक रहे हैं, जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका था।
प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं,बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत है। यह उपलब्धि न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे गढ़वा जिले के लिए गर्व की बात है।
