आस्था की जीत: शिवरी में गूंजा जय बजरंगबली का जयकारा, कलश यात्रा के साथ नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): प्रखंड के पतहरिया पंचायत अंतर्गत शिवरी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर एक बार फिर भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा है।
कुछ माह पूर्व असामाजिक तत्व द्वारा खंडित की गई बजरंगबली की प्रतिमा की जगह अब नई भव्य मूर्ति की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रविवार को आचार्य पंडित जयप्रकाश मिश्र (पंतु जी) एवं ओमप्रकाश मिश्र (रसगुल्ला जी) के सानिध्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कलश यात्रा के दौरान बजरंगबली की नई प्रतिमा को शिवरी और मिश्रौलिया गांव का भ्रमण कराया गया। इसके बाद सुंडीपुर स्थित सोन और कोयल नदी के पावन संगम तट से विधि-विधान पूर्वक कलश में जल भरा गया। इस जल को पुनः शिवरी मंदिर प्रांगण लाकर स्थापित किया गया है। मौके पर कांडी प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय (पिंकू पांडेय) और जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। आचार्य जयप्रकाश मिश्र ने बताया कि चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि (26 मार्च) को पूरे धूमधाम और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ बजरंगबली की नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। पूरा क्षेत्र इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर उत्साहित है।
विदित हो कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अधेरिया कला निवासी रविंद्र सिंह (टुन्नू सिंह) द्वारा मूर्ति खंडित किए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ राकेश सहाय, थाना प्रभारी अशफाक आलम और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। समझौते के तहत दोषी पक्ष ने तय समय सीमा के भीतर नई मूर्ति की व्यवस्था और संपूर्ण लागत वहन करने की जिम्मेदारी ली, जिसके बाद यह अनुष्ठान संभव हो सका है।
