नामधारी महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर स्थित “तोरण द्वार” को असामाजिक तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त Garhwa

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गढ़वा के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नामधारी महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर स्थित “तोरण द्वार” को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा।
 ज्ञात हो कि बीते दिनों नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा के मुख्य द्वार पर स्थित तोरण द्वार को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर गिरा दिया गया, जिससे छात्रों एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई है। 
अभाविप के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने कहा कि यह घटना केवल महाविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छात्रों, शिक्षकों एवं आमजन के बीच असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार और भविष्य निर्माण का आधार होता है। ऐसे में तोरण द्वार को क्षति पहुंचाना शिक्षा व्यवस्था एवं सामाजिक मूल्यों पर सीधा आघात है। जिला संयोजक शुभम तिवारी ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कृत्य न केवल एक संरचना को नुकसान पहुंचाने वाला है, बल्कि संस्थान की पहचान, गरिमा एवं सांस्कृतिक विरासत पर भी गंभीर प्रहार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय की गरिमा की रक्षा हेतु आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान नगर मंत्री सुगंध बघेल, आनंद कुमार, ऋषभ आनंद, प्रवीण चंद्रवंशी, अभिषेक कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Latest News

नामधारी महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर स्थित “तोरण द्वार” को असामाजिक तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त Garhwa