साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी: थाना क्षेत्र अंतर्गत मोखापी गांव निवासी अरुण राम के 18 वर्षीय पुत्र दीप रंजन कुमार उर्फ राजा बाबू का शव छठे दिन गांव के ही कुआं में देखा गया।
इस संबंध में अरुण राम ने बताया कि 3 फरवरी 2026 को तकरीबन 12 :30 बजे दीप रंजन गेहूं सिंचाई करने लिए साइकिल से घर से निकला था और कहा की गेहूं पटाने जा रहे हैं। इसके बाद लगभग 1:30 बजे फोन लगाया कि सिंचाई हो रहा है या नहीं तो फोन बंद बताया। देर शाम तक घर वापस नहीं आने पर हम लोगों ने खोजबीन किया और थाना को भी सूचित किया। 4 फरवरी को सुबह तक खोजबीन के बाद थाना में लिखित आवेदन भी दिया था। अरूण राम ने बताया कि इसके बाद हम सभी परिजन मिल कर गांव के आसपास सभी कुआं,कोयल नदी, नहर, सहित अन्य जगह के साथ-साथ नाते रिश्तेदार के यहां खोजबीन की है लेकिन कहीं कोई मालूम नहीं चल पाया था। आज रविवार को छठे दिन तकरीबन 3:30 बजे अपराह्न में गांव के लोगों के द्वारा ही सूचना प्राप्त हुआ कि गांव के ही वीणा मिस्त्री, बिफन मिस्त्री एवं सतनारायण मिस्त्री के घर के पास के कुआं में एक युवक का शव है। इसके बाद यहां आया तो देखा कि औंधे मुंह कुआं में शव पड़ा है, और कपड़े के अनुसार मेरा ही पुत्र का शव लग रहा है। मृतक के शरीर पर नीला रंग का शर्ट और काला रंग का पैंट है।अरुण राम ने यह भी बताया कि लड़का साइकिल लेकर गया था लेकिन साइकिल का भी कोई आता पता नहीं चला है। मुझे पूरा संदेह है कि साजिश के तहत बेटे को मार कर हत्या की गई है और कुआं में डाल दिया गया। अरुण राम सहित परिजनों ने खोजी कुत्ता एवं एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जांच करने के मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। कुआं में शव होने की खबर आग की तरह फैल गई, और आसपास सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जमा हो गयी।समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव कुएं से बाहर नहीं निकाला जा सका था। इधर शव की खबर मिलते ही थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे हुए हैं। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि डॉग स्पॉट टीम को मेदिनीनगर सूचना दे दी गई है और टीम वहां से चल दी है। साथ ही उन्होंने बताया कि परिजनों के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर सन्हा भी दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हत्या है या आत्महत्या जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। खबर सुनते ही मौके पर पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, मझिआंव थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो, एएसआई रणवीर प्रसाद, कांडी एएसआई विजय राम, जिला पार्षद दक्षिणी नेहा कुमारी, प्रमुख सत्येंद्र पांडे उर्फ पिंकू पांडे, युवा समाजसेवी विकास दुबे, जिला पार्षद दक्षिणी प्रतिनिधि सुजीत कुमार रजक, राणाडीह पंचायत मुखिया ललित बैठा , जिला पार्षद उतरी प्रतिनिधि दिनेश कुमार, खरौंधा पंचायत मुखिया परीखा राम,, खरसोता पंचायत मुखिया प्रतिनिधि विजय राम,बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार, पिंटू राम, रणाडीह पूर्व मुखिया कृष्णा राम सहित सैकड़ो की संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद थे।
