गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
मझिआंव के दलको गाँव में मजदूर परिवारों के बीच वस्त्र-वितरण
51 दिन से लगातार चल रही है मुहिम “आइये खुशियाँ बाँटें”
गढ़वा। सामाजिक सहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से निरंतर संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान अपने लगातार 51वें दिन सोमवार को भी जारी रहा। आज यह मानवीय पहल मझिआंव के दलको गाँव के आसपास रहने वाले जरूरतमंद मजदूर परिवारों के बीच चलाई गई, जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध कराई गईं।
इस दौरान गर्म कपड़ों के साथ-साथ जींस, शर्ट, फ्रॉक, कुर्ता, पैंट, मोज़े, टोपी जैसी रोज़मर्रा की उपयोगी वस्त्र भी वितरित किए गये। अपनी ज़रूरत की चीज़ें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं बुजुर्गों की आँखों में राहत और संतोष साफ झलक रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल ठंड से बचाव का प्रयास नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में थोड़ी-सी सहजता और सम्मान जोड़ने की कोशिश है। प्रशासन और समाज के साझा प्रयास से यह मुहिम दिन-प्रतिदिन और विस्तार ले रही है, ताकि कोई भी जरूरतमंद स्वयं को उपेक्षित न महसूस करे।
