रंका प्रखंड प्रमुख पद पर लीलावती देवी निर्वाचित, 8 मतों से जीत हासिल की
रंका से प्रमोद कुमार यादव का रिपोर्ट : रंका प्रखंड में प्रखंड प्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह चुनाव अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप,अंचलधिकारी शिवपूजन तिवारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम वेला टोपनो की देखरेख में प्रखंड कार्यालय परिसर में कराया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की कड़ी निगरानी रही।प्रखंड प्रमुख पद के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया था जिनमें लीलावती देवी,हीरामणि देवी एवं हेमंत लकड़ा शामिल थे। मतदान के बाद हुई मतगणना में लीलावती देवी (पति– हेमेंद्र सिंह) ने 8 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की,जबकि हीरामणि देवी को 4 मत और हेमंत लकड़ा को 5 मत मिले।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया। मतगणना के बाद लीलावती देवी को विजेता घोषित किया गया तथा उन्हें जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
प्रमुख पद पर दूसरी बार निर्वाचित होने के बाद लीलावती देवी ने कही कि वे रंका प्रखंड क्षेत्र में विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी तथा पंचायत समिति सदस्यों और आम जनता के सहयोग से विकास कार्यों को गति देंगी।
जीत की घोषणा के बाद प्रखंड परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। लीलावती देवी को उनके समर्थकों एवं आम ग्रामीणों द्वारा माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर छोटू सिंह उर्फ विवेक सिंह,पप्पू यादव,दीपक कुमार,समाजसेवी नसीम अंसारी,जिला पार्षद सदस्य प्रतिनिधि रतन सिंह,मुख्तार अंसारी सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
