झारखंड के 51 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू Kandi

कांडी (गढ़वा): झारखंड के 51 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राकेश सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है।
आवेदन की पात्रता और अंतिम तिथि:
बीडीओ ने बताया कि इन विद्यालयों में केवल अनुसूचित जनजाति (ST) और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) श्रेणी के छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर सकते हैं। वर्तमान में कक्षा 5 में पढ़ रहे विद्यार्थी कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
भंडारिया एकलव्य विद्यालय में सीटों का विवरण:
गढ़वा जिले के भंडारिया स्थित एकलव्य विद्यालय में कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 30 छात्रों और 30 छात्राओं का नामांकन लिया जाएगा। इच्छुक अभिभावक झारखंड के किन्हीं पांच एकलव्य विद्यालयों का विकल्प प्राथमिकता के आधार पर अपने आवेदन में दे सकते हैं।
परीक्षा कार्यक्रम और प्रक्रिया:
नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 8 मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। परीक्षा केंद्र की सूचना बाद में दी जाएगी। परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड जिला कल्याण कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे।
यहाँ जमा करें आवेदन:
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेजों को संबंधित प्रखंडों के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (BWO) के पास जमा करना होगा, जहाँ से इन्हें जिला कल्याण कार्यालय को अग्रसारित किया जाएगा। आवेदन पत्र का प्रारूप और विद्यालयों की सूची प्रखंड कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

Latest News

भीम बराज, कोयल नदी से निकलने वाली नॉर्थ नहर के निर्माण कार्य को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया। Kandi