भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने जेठन सिंह खरवार की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की Garhwa

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट

भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने जेठन सिंह खरवार की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की

गढ़वा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सूरज गुप्ता ने उपायुक्त गढ़वा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्यपाल संतोष गंगवार को पत्र भेजकर गढ़वा जिला मुख्यालय के चिनिया मोड़ पर पलामू के प्रथम सांसद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. जेठन सिंह खरवार की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की है।

भाजपा नेता ने पत्र में लिखा है कि चिनिया प्रखंड के राजबांस गांव निवासी स्व. जेठन सिंह खरवार ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से कई बार सीधी टक्कर ली थी और कई बार जेल भी गए थे। आज़ादी के बाद जब पहली बार लोकसभा चुनाव हुआ, तो वे पलामू संसदीय सीट से पहले सांसद चुने गए थे।

उन्होंने बताया कि 1917 में जन्मे जेठन सिंह खरवार ने जनजातीय, दलित, पिछड़े एवं मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। गरीबों और वंचितों के हक के लिए उनके कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।

श्री गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1980 में उनके निधन के बाद उनके नाम को एक साजिश के तहत गुमनाम करने का प्रयास किया गया, जबकि उनके विचार आज भी पलामू-गढ़वा क्षेत्र के गरीब परिवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।


उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि जब देश 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती सह जनजातीय गौरव दिवस मना रहा होगा, तब पलामू-गढ़वा के लाखों लोग जेठन सिंह खरवार को याद करेंगे। ऐसे में गढ़वा जिला मुख्यालय के चिनिया मोड़ पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा ले सकें।

Latest News

वर्षों पूर्व लगाया गया सरकारी चापाकल आज खतरे में है। Garhwa