गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा बिरबंधा में जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन ने महिलाओं के साथ की बैठक, महिलाओं के उत्थान पर दिया जोर
गढ़वा : सदर प्रखंड के बिरबंधा पंचायत भवन में जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन द्वारा JSPL की महिलाओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने अपने कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समाज में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
संस्था की ओर से बताया गया कि जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन भ्रूण हत्या, बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ लगातार कार्य कर रही है। साथ ही गरीब परिवारों की बहन-बेटियों की शादी कराने में भी संस्था सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर उपस्थित सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं, उनके सशक्तिकरण और उत्थान के बिना कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता। हमारा उद्देश्य हर उस महिला तक पहुंचना है जो किसी समस्या से जूझ रही है और उसे आत्मनिर्भर बनाना है।
श्री तिवारी ने कहा कि हम अपनी बहनों और बेटियों को शिक्षित करें, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दें। फाउंडेशन इसी दिशा में काम कर रहा है ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि गढ़वा ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की का उत्थान करना है. हर महिला में एक शक्ति छिपी है, बस उसे पहचानने और अवसर देने की जरूरत है। समाज में तभी बदलाव आएगा जब पुरुष और महिला दोनों एक साथ कदम बढ़ाएंगे। महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा हमारा नैतिक दायित्व है। श्री तिवारी सभी से अपील की कि हर व्यक्ति अपने स्तर पर कम से कम एक महिला को सशक्त बनाने में मदद करे, तभी सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण संभव होगा।
कार्यक्रम में मुखिया पति अजय ठाकुर, संजीव दुबे, प्रिंस सिंह, प्रियांशु दुबे, पवन उपाध्याय सहित कई सम्मानित लोग मौजूद रहे। सभा के अंत में सभी ने समाज में जागरूकता फैलाने और महिलाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
