गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गढ़वा। जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की ओर से रविवार को जी.एन. इंटरनेशनल स्कूल, नाहर रोड, गढ़वा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर जायंट्स सहेली की फाउंडर अध्यक्ष रश्मि कमलापुरी, पूर्व अध्यक्ष माला केशरी, गायत्री गुप्ता, लता गुप्ता, अनसुईया केशरी एवं रितु जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की प्रोजेक्ट चेयरमैन एवं सहेली उपाध्यक्ष वंदना सोनी ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए पेड़-पौधों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि गढ़वा और इसके आसपास का क्षेत्र ड्राई जोन में आता है, जहां वर्षा का स्तर लगातार कम होता जा रहा है। परिणामस्वरूप जलस्तर गिरता जा रहा है और नदी-तालाब असमय सूख जाते हैं, जिससे न केवल मानव जीवन बल्कि पशु-पक्षियों को भी गंभीर संकट का सामना करना पड़ता है।
सभी वक्ताओं ने आम नागरिकों से अपील की कि बरसात के इस मौसम में प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक या दो पौधे जरूर लगाएं और उनकी देखभाल करें। सरकार द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यक्रमों के साथ-साथ नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है, तभी पर्यावरण में संतुलन आएगा और वर्षा की स्थिति भी सुधरेगी।
कार्यक्रम में जायंट्स सहेली की अध्यक्ष सुनीता केशरी, निवर्तमान अध्यक्ष रंजना जायसवाल, चांदनी केशरी, वर्षा अग्रवाल, मंजू गुप्ता, गुड़िया केशरी के अलावा जायंट्स वेलफेयर फेडरेशन-8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी एवं पूर्व फेडरेशन पदाधिकारी डॉ. आशीष गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।