गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर
गढ़वा, झारखंड | आगामी 3 जुलाई 2025 को देश के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आगमन को लेकर गढ़वा जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नितिन गडकरी पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के पावन गोवावल क्षेत्र स्थित हुर गांव में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं।
इस कार्यक्रम को लेकर सड़क परिवहन सुरक्षा समिति के सदस्य रवींद्र नाथ तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री संतोष दुबे, नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप सहित कई भाजपा नेताओं ने स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
नितिन गडकरी का यह दौरा संखा-खजूरी-गढ़वा बाईपास फोरलेन सड़क के लोकार्पण को लेकर है, जिसका निर्माण गढ़वा सांसद विष्णु दयाल राम और गढ़वा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी के अथक प्रयासों से संभव हो पाया है। यह फोरलेन सड़क गढ़वा जिले के समग्र विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी।
गढ़वा वासियों को नितिन गडकरी से बहुत सी अपेक्षाएं हैं, खासकर क्षेत्रीय सड़क परियोजनाओं और अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर। गढ़वा की जनता इस आगमन को ऐतिहासिक मान रही है और उम्मीद कर रही है कि इससे गढ़वा के भविष्य की रफ्तार को गति मिलेगी।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि सत्येंद्र तिवारी, लक्ष्मी पांडे, पुलस्त तिवारी, रामा शंकर यादव, प्रवीण तिवारी, राजू चौबे और चंदन कुमार भी उपस्थित थे।
(रिपोर्ट: विकास कुमार, गढ़वा)