राजनीतिक पार्टी का महापर्व होता है महा अधिवेशन : मिथिलेश ठाकुर
झामुमो के महाधिवेशन में की तैयारी के लिए पूर्व मंत्री ने की डेलिगेट्स के साथ बैठक
फोटो : डेलिगेट्स को संबोधित करते मिथिलेश ठाकुर फोटो : उपस्थित डेलिगेट्स
गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा की आगामी 14 व 15 अप्रैल को टाना भगत स्टेडियम रांची में आयोजित महा अधिवेशन की सफलता के लिए पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर गुरुवार को आयोजित इस बैठक में महा अधिवेशन की सफलता की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस महा अधिवेशन में गढ़वा से 200 सक्रिय सदस्य शामिल होंगे।
मौके पर श्री ठाकुर ने कहा कि महा अधिवेशन किसी भी पार्टी का महापर्व होता है। महा अधिवेशन में सिर्फ सक्रिय कार्यकर्ता ही भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग महा अधिवेशन में अनुशासित ढंग से भाग लेंगे। गढ़वा के सारे लोग एक साथ ही रहेंगे ताकि वहां सबों की उपस्थिति दिखे। इस महा अधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों सहित विभिन्न प्रदेशों के कार्यकर्ता भाग लेंगे। इन सबों के बीच गढ़वा के डेलिगेट्स अपनी अनुशासित बेहतर छवि प्रस्तुत करेंगे। मनोज ठाकुर ने बताया कि महा अधिवेशन की सारी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। कल तक सभी लोगों का रजिस्ट्रेशन कर केंद्रीय कार्यालय को सूची सौंप दिया जाएगा। गढ़वा जिले के सभी 20 प्रखंड एवं नगर पंचायत कमेटी, जिला संयोजक, केंद्रीय समिति सदस्य आदि लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि गढ़वा जिले में 50 हजार नए सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही 189 पंचायत समिति व तीनों नगर कमेटी का गठन कर लिया गया है।
बैठक में मुख्य रूप से तनवीर आलम, शरीफ अंसारी, जवाहर पासवान, रेखा चौबे, अनिता दत्त, धनंजय तिवारी, चंदन जायसवाल, चंदा देवी, रेखा पाठक, छोटू सिंह खरवार, राजकिशोर यादव, सुनील कुमार गौतम सहित काफी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे।