रामनवमी में डीजे बजाने की अनुमति को लेकर भाजपा नगर मंडल गढ़वा ने उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
गढ़वा। रामनवमी पूजा जन्मोत्सव महापर्व के अवसर पर झारखंड सरकार द्वारा डीजे साउंड बजाने पर आपत्ति दर्ज कराने के विरोध में भाजपा नगर मंडल गढ़वा ने जिला प्रशासन से डीजे बजाने की अनुमति देने की मांग की है। मंगलवार को भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम ने गढ़वा उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा।
सरकारी कार्यक्रमों में डीजे, फिर रामनवमी में आपत्ति क्यों?
मांग पत्र सौंपने के बाद नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यक्रमों में डीजे बजता है, लेकिन जब हिंदू पर्व की बात आती है, तो तुष्टिकरण की राजनीति की जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि राम भक्तों को डीजे बजाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे पूरी हर्षोल्लास से श्रीराम जन्मोत्सव मना सकें।
भाजपा का कड़ा रुख, विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी
उमेश कश्यप ने स्पष्ट किया कि अगर प्रशासन डीजे बजाने की अनुमति नहीं देता है, तो भाजपा नगर मंडल इसका घोर विरोध करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर डीसी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, और इसके लिए पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
मांग पत्र सौंपने वालों में ये प्रमुख लोग रहे शामिल
मांग पत्र सौंपने के दौरान विधायक प्रतिनिधि मदन मोहन गुप्ता, डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सोनी, मनोज महतो, सुरेश अग्रवाल, विशाल गुप्ता, अभिषेक कश्यप, जिला आईटी सेल के संतोष कश्यप, राकेश शंकर गुप्ता (मंडल महामंत्री) सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।