लातेहार: सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में शामिल आरोपी गिरफ्तार
सोनू कुमार/लातेहार
लातेहार : सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान पतरातू गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में शामिल अप्राथमिकी अभियुक्त को सदर थाना पुलिस ने नेगाई स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि 27 जनवरी 2023 को पतरातू गांव में सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद के बाद मारपीट व पथराव की घटना हुई थी। जिसमें कई लोग घायल हो हुए थे और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। इस संबंध में लातेहार थाना में कांड संख्या 27/23 दर्ज किया गया था। जिसके बाद से घटना में शामिल आरोपी फरार चल रहे थे।मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा एसडीपीओ संतोष मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। नतीजतन, मामले में छह नामजद प्राथमिकी अभियुक्त अमरेश खान, फैजान खान, येहसान खान, मुस्तफा खान, भोला खान, वारिश खान (सभी नेगाई, लातेहार) ने लातेहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि अभी भी कई आरोपी फरार चल रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर मामले के एक अप्राथमिकी अभियुक्त सुहैल खान को नेगाई स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी दल मे पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, पुअनि गौरव सिंह, देवानंद कुमार, राज रौशन सिन्हा, दिवाकर धोबी समेत आईआरबी व सशस्त्र बल शामिल थे।