झारखंड अलग राज्य निर्माण का सपना अब हो रहा है पूरा : मंत्री मिथिलेश
फोटो : माला पहनाकर पार्टी में शामिल कराते मंत्री
गढ़वा : रंका प्रखंड के कंचनपुर पंचायत सहित अन्य पंचायतों के 150 से अधिक युवाओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा। रविवार को गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर सभी ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को माला पहना कर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत करते हुए पार्टी में शामिल कराया।
झामुमो के युवा प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार सोनी, युवा उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, किशोर ओझा, सदस्य संतोष राम एवं लभली उरांव के नेतृत्व में रामबाबू ठाकुर, जितेंद्र यादव, ओम प्रकाश यादव, सचिन यादव, उमेश भूईया सहित 150 से अधिक युवाओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। ये सभी लोग मंत्री श्री ठाकुर के कार्यों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी छोड़कर झामुमो में शामिल हुए। मौके पर
मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि माटी की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा में सभी का स्वागत है। इन ऊर्जावान युवाओं को पार्टी में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। इनके उत्साह और उमंग का लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जिस सोच के साथ अलग झारखंड राज्य का निर्माण कराया था, उनका सपना अब पूरा हो रहा है। आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड एवं झारखंड वासियों को उनका संपूर्ण हक एवं अधिकार मिल रहा है। पार्टी की नीति एवं मुख्यमंत्री श्री सोरेन के बेहतर कार्यों का असर पूरे राज्य में है। यहां महिला, पुरुष, बुजुर्गों, नौजवानों सभी के दिल पर हेमंत सोरेन के बेहतर कार्यकाल का गहरा छाप पड़ा है। मंत्री ने कहा कि उनकी सोच विकास और सिर्फ विकास करना है। वे संपूर्ण गढ़वा वासियों के सहयोग एवं आशीर्वाद से अपने विकास के मिशन में काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आगे भी इसी तरह से गढ़वा वासियों का साथ मिलता रहा तो बहुत जल्द गढ़वा सबसे विकसित जिलों की श्रेणी में सबसे अग्रणी होगा। मौके पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, आशुतोष पांडेय, नवीन तिवारी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।