लातेहार पहुंचे झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, कहा- ग्रामीणों के लिए हमेशा खुला है राजभवन का दरवाजा
सोनू कुमार/लातेहार
भारत का विकास करना है तो गावों से विकास करना होगा : राज्यपाल
लातेहार : झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को लातेहार सदर प्रखंड के उदयपुरा और मतनाग गांव में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, उदयपुरा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं भी तमिलनाडु के छोटे से गांव से आता हूँ। मैं ग्रामों की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझ सकता हूँ। इसलिए आप सबकी समस्याओं को निकट से जानने के लिए आप सबके मध्य आया हूँ।
ग्रामीणों के लिए हमेशा खुला है राजभवन का दरवाजा
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि गाँव जाने पर ही वहाँ की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त हो सकती है। झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के समय ही कहा था कि राज भवन लोगों तक पहुंचेगा। आप लोग कभी भी अपनी समस्याओं को लेकर राजभवन आ सकते हैं, राजभवन का द्वार सभी के लिए खुला है।यदि भारत का विकास करना है तो गावों से विकास करना होगा
राज्यपाल ने कहा कि हमें विभिन्न विविधताओं के बावजूद विकास के लिए एकजूट होकर कार्य करने पर ध्यान देना होगा। हम सभी को एक स्वर में प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याओं को रखना होगा। उन्होंने कहा कि यदि भारत का विकास करना है तो ग्रामों से विकास करना होगा। यदि हमारे गाँव विकसित होंगे तो प्रखंड विकसित होंगे, प्रखंड विकसित होंगे तो जिला विकसित होंगे, जिला विकसित होंगे तो राज्य विकसित होंगे और राज्य विकसित होंगे तो देश विकसित होगा।
भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश
उन्होंने कहा कि भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। 1998 के पूर्व देश में भूखमरी की समस्या देखने को मिलती थी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की सोच थी कि देश से भूखमरी का उन्मूलन हो। हर्ष का विषय है कि 1998 के बाद देश में भूखमरी की समस्या देखने को नहीं मिली। कोरोना महामारी के प्रतिकूल प्रभाव के कारण विश्व के अन्य देशों में महंगाई बढ़ी, लेकिन हमारे देश में माननीय प्राधानमंत्री जी के व्यापक पहलों से गरीब से गरीब व्यक्ति तक अनाज पहुंचाया गया और भूखमरी की समस्या देश में कहीं नहीं होने दिया गया।
समस्या हो तो जिला प्रशासन के समक्ष जाकर निर्भीकतापूर्वक अपनी बात रखें
उन्होंने कहा कि लोग विभिन्न योजनाओं का लाभ लें, समस्याएं हों तो जिला प्रशासन के समक्ष जाकर निर्भीकतापूर्वक अपनी बात रखें। माताओं-बहनों के जीवन को अच्छा करने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएँ संचालित हैं। उज्ज्वला योजना के तहत हर घर तक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। एक समय था कि गैस शहरों तक सीमित था, अब सर्वसुलभ है। माताएँ व बहनों को अब खाना बनाने में समय की बचत होती है जिससे वे बच्चों पर अधिक ध्यान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि उदयपुरा के लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हो, उनके जीवन- स्तर में सुधार हो।
परिसंपत्तियों का वितरण व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा लाभुकों के मध्य विभिन्न योजनान्तर्गत परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। राज्यपाल ने मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नीलाम्बर-पीताम्बर जैसे विभूतियों के संघर्ष का ही प्रतिफल है कि आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था से आगे है- राज्यपाल
अर्थव्यवस्था का ही परिणाम है कि गांव में विकास की किरणें पहुँच रही हैं – राज्यपाल
सदर प्रखंड के मतनाग गांव में ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि यह वीर नीलाम्बर-पीताम्बर की भूमि है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत से देश की स्वतंत्रता हेतु संघर्ष किया। वीर नीलाम्बर-पीताम्बर का साहस व राष्ट्र के प्रति समर्पण अविस्मरणीय है। उनके जैसे विभूतियों का संघर्ष का ही प्रतिफल है कि आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था से आगे है।