लातेहार: चंदवा में दो बाइक दुर्घटनाग्रस्त, दो युवकों की मौत, दो घायल, किसी ने नहीं पहना था हेलमेट
सोनू कुमार/लातेहार
लातेहार : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चंदवा-मैक्लुस्कीगंज मार्ग पर कुसुमटोली के पास शुक्रवार की देर रात दो बाइकों की टक्कर हो गयी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।मृतकों की पहचान हेचकल तिर्की (20) और छोटू गंझू (22) के रूप में हुई है। जबकि अमित गंझू और सहदेव गंझू गंभीर रूप से घायल हो गये, सभी चंदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक सरहुल पर्व मनाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच कुसुमटोली के पास विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों में सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जब घर से बाहर निकले तो देखा कि युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा है। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने हेचकल तिर्की और छोटू गंझू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। बाद में पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवारों की लापरवाही से उसकी जान चली गयी। बाइक सवार चारों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट पहने होते तो उनकी जान बच सकती थी।