गढ़वा जिला क्रिकेट संघ की बैठक रविवार को स्थानीय वन विभाग परिसर में अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में झारखण्ड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशानुसार जिला कमिटि के कोषाध्यक्ष के रुप में सर्वसम्मति से जिले के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सियाराम शरण वर्मा को बनाया गया।
बैठक में अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव (आईएफएस) ने गढ़वा जिले के क्रिकेट के विकास के लिए विस्तृत रुप से चर्चा की। उन्होने कहा कि क्रिकेट खेल के विकास के लिए क्रिकेट मैदान का विकास अति आवश्यक है। उन्होने शहर स्थित बालिका मध्य विद्यालय के मैदान को खेल मैदान बनाने तक क्रिकेट सदस्यों के प्रयास व मेहनत की प्रशंसा की। उन्होने कहा कि यहां के खेल प्रेमियों व खिलाड़ियों ने काफी प्रयास से इस मैदान को खेल मैदान के रुप में परिणत किया और इस मैदान में विभिन्न प्रकार के खेल के आयोजन कराए जाने लगे। इस मैदान में जिला एवं राज्य स्तर के क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है। साथ ही उन्होने कहा कि गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर में क्रिकेट के लिए भू-खंड उपलब्ध है। जहां क्रिकेट खेल का बेहतर रुप से विकास किया जा सकता है। उपस्थित सदस्यों ने अध्यक्ष के इस वक्तव्य पर हर्ष प्रकट किया। इसके लिए उन्होने कई तकनीकि पहलुओं की जानकारी दी। बैठक में सदस्यों ने कल्याणपुर स्थित भू-खंड को क्रिकेट मैदान में रुप में विकसित करने के लिए विस्तृत रुप से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कल्याणपुर स्थित भू-खंड को क्रिकेट ग्राउंड के रुप में विकास करने के लिए झारखण्ड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन से ग्रास कटिंग मशीन, रोलर, टैंकर तथा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी प्रस्ताव जेएससीए को भेजा जाएगा। जिससे गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर में स्थित भू-खंड को क्रिकेट ग्राउंड के रुप में तैयार किया जा सके। जिससे गढ़वा जिले के क्रिकेट खिलाड़ी और यहां के नौनिहाल क्रिकेट खेल की बारीकियों को समझ सकें और अपना हुनर दिखा सकें। जिससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट में गढ़वा का भी नाम उभर कर सामने आ सके। बैठक में गढ़वा जिले की क्रिकेट की विभिन्न टीमों के चयन के लिए चयन समिति का भी गठन किया गया। इस चयन समिति का चेयरमैन वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सच्चिदानंद धर दुबे को बनाया गया। जबकि चयन समिति के सदस्य के रुप में दीपक उर्फ दीपू, सियाराम शरण वर्मा, कमलेश कुमार सिन्हा, अनुज चौधरी तथा नवनीत शुक्ला को सर्व सम्मति से शामिल किया गया। बैठक में सुबोध कुमार वर्मा, नितिन कुमार मिश्रा, अनिल कुमार झा, अनुप कुमार तिवारी, अनिल कुमार सिंह, अनुज कुमार चौधरी, नवनीत कुमार, सच्च्दिनंद धर दुबे, सियाराम शरण वर्मा, दीपक, महेन्द्र कुमार, मोहित कुमार सिंह, मुकेश कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, राजा चौधरी, सरोज कुमार चौधरी समेंत अन्य सदस्य उपस्थित थे।