चिनियाँ : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका अंतर्गत रंका, रमकंडा एवं चिनियाँ प्रखंड के सभी बूथों पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए टीम बनाकर चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, बीटीटी, सहिया, सेविका एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी को ड्यूटी में लगाया गया है। चिनियाँ के लिए चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी एवं डॉ अशोक कुमार को टीम की जिम्मेवारी दी गई है। अपने क्षेत्र के सभी बूथों की जानकारी टीम के द्वारा ली जाएगी और किसी भी समस्या आने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से संपर्क किया जाएगा। चिनियाँ प्रखंड के चिनियाँ, चिरका, रानीचेरी, बिलैतीखैर, छतैलिया, राजबांस, चपकली सहित कई गांव का निगरानी कर रहे चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी ने कहा कि सभी बूथों पर दिशा निर्देशानुसार नियमित रूप से 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। जो बच्चे छूट गए हैं उन्हें अगले दो दिन घर घर जाकर पोलियो का दवा पिलाना है। डॉ अंसारी ने कहा कि वैसे तो भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है। लेकिन भविष्य में इसकी पुनरावृति न हो इसके लिए राष्ट्रीय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का लक्ष्य पोलियो मुक्त भारत कराना है। इसे सफल बनाने में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आम जनता एवं स्वास्थ्यकर्मी की अहम भूमिका है। मौके पर एएनएम सुमन खेस, एमपीडब्ल्यू लाल मोहम्मद, सहिया सुमित्रा देवी, सेविका शम्मा परवीन, चंपा देवी, कमला कुमारी, विष्णु रावत, सहीन अख्तर, समीर , इरफान अहमद, जियाउद्दीन अंसारी, रंभा देवी, सबीना बीबी आदि उपस्थित थे।