गढ़वा/कांडी : भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांडी बाजार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का जन्म दिन धूमधाम से मनाया। सुशासन दिवस के रूप में कांडी बाजार में हुए कार्यक्रमों में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और नीतियों का प्रचार किया एवं वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को टीवी के माध्यम से लोगों को दिखाया। इस मौके पर भाजपाइयों ने गरीबों असहाय लोगों के बीच कंबल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया। बीस सूत्री अध्यक्ष रामलला दुबे व विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने लोगों को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की नीतियों पर चलते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार गरीबों की मदद कर रही है। समाज के सभी वर्गों के लोगों के सम्मान के लिए सरकार काम कर रही है। अटल बिहारी बाजपेयी ने हमेशा सामाजिक समरसता और एकता पर बल दिया। उनके लिए समाज का हर व्यक्ति एक समान रहा है। उन्होंने हमेशा देश के गौरव को बढ़ाने के लिए काम किया। इस मौके पर मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, रामलला दुबे, अजय सिंह, राम लखन प्रसाद, लखन चंद्रवंशी, कांडी मुखिया विनोद प्रसाद, उप प्रमुख अशोक प्रसाद, सहित कई अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।