कार्रवाई : खेल मैदान में अवैध पार्किंग पर एसडीएम का कड़ा रुख Garhwa

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट 

कार्रवाई : खेल मैदान में अवैध पार्किंग पर एसडीएम का कड़ा रुख
तीन यात्री-बस और एक कमांडर पकड़ाई, चारों वाहनों पर लगा 9100 रु अर्थदंड
गढ़वा। गोविंद विद्यालय मैदान में व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग पर लगाए गए प्रतिबंध के संदर्भ में आज बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा औचक जांच अभियान चलाया गया।
एसडीएम द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान इस मैदान में अवैध रूप से खड़े चार व्यवसायिक वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित वाहन मालिकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर  सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इन चार वाहनों में तीन सवारी बसें व एक कमांडर जीप शामिल है।
एसडीएम ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने यहां के सभी वाहन चालकों से व्यक्तिगत जाकर अनुरोध किया था कि वे यहां वाहन खड़ा नहीं करेंगे, इसके बाद उन्होंने इस संदर्भ का एक  आदेश भी जारी किया था। इसके बावजूद जो लोग अवैध पड़ाव कर रहे हैं उनको हतोत्साहित करने के लिए कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आज जिन चार वाहनों को मौके पर उल्लंघन करते हुए पाया गया उन पर परिवहन विभाग के माध्यम से जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इन सभी से "रॉन्ग पार्किंग" व अन्य प्रावधानों के तहत कुल मिलाकर 9100 का जुर्माना लगाया गया।
एसडीएम ने आज पुनः स्पष्ट किया है कि गोविंद विद्यालय मैदान एक खेल का मैदान है और इसका उपयोग केवल खेल गतिविधियों के लिए ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग विशेष कर व्यावसायिक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
गौरतलब है कि लगातार मिल रही जन शिकायतों के आलोक में एसडीएम द्वारा इस मैदान में वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाई गई है, जिसके अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।
 कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद गढ़वा एवं थाना प्रभारी गढ़वा सहित परिवहन विभाग के कर्मियों को अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने भी "नो पार्किंग" के आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने हेतु अपने अधीनस्थ संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया है।
इस जांच के दौरान एसडीएम के साथ नगर परिषद के नगर प्रबंधक, परिवहन विभाग के कर्मी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

Latest News

कॉफी विद एसडीएम’ में कृषि छात्रों से हुआ संवाद Garhwa