शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, 4.57 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास Kandi

फोटो कैप्शन : कांडी में शैक्षणिक भवन निर्माण योजनाओं का शिलान्यास करते विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह एवं उपस्थित जनप्रतिनिधि व ग्रामीण।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, 4.57 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

कांडी। प्रखंड क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर गुरुवार को बड़ी पहल की गई। झारखंड शिक्षा परियोजना, गढ़वा के तहत विभिन्न विद्यालयों में कुल 4 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से तीन भवन निर्माण योजनाओं का शिलान्यास विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने किया। इन योजनाओं के पूरा होने से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांडी में 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से छात्रावास भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लमारीकला में 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से आठ अतिरिक्त वर्ग कक्ष तथा आरके प्लस टू उच्च विद्यालय गरदाहा में भी 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से आठ अतिरिक्त वर्ग कक्ष बनाए जाएंगे। इस तरह दोनों उच्च विद्यालयों में कुल 2 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से 16 अतिरिक्त कमरों का निर्माण होगा। छात्रावास निर्माण से जहां कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को आवासीय सुविधा मिलेगी, वहीं अतिरिक्त कमरों के निर्माण से दोनों उच्च विद्यालयों में कक्षा संचालन की व्यवस्था बेहतर होगी।
कार्यक्रम के दौरान आरके प्लस टू उच्च विद्यालय गरदाहा में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का मामला भी सामने आया। विद्यालय में दोबारा ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। शिक्षकों, विद्यार्थियों और आसपास के ग्रामीणों से विद्यालय की संपत्ति एवं संसाधनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई। साथ ही विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई, ताकि विद्यालय की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और भविष्य में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
तीनों योजनाओं को क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिलान्यास से संबंधित कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग और सामंजस्य से स्वीकृत इन विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल की गई। हालांकि, शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद स्वयं उपस्थित नहीं थे। उनकी ओर से भी इन योजनाओं के विकास से जुड़ाव रहा है।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि आतिश सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, मुखिया अरुण राम, मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह, मुखिया अनीता देवी, बीडीसी उदल राम, समाजसेवी सुजीत दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Latest News

मां सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल स्थित छठ घाट का निरीक्षण करते विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह Kandi