संघ के शताब्दी वर्ष व भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरा होने पर संस्कार भारती भी करेगी कार्यक्रमों का आयोजन : नीरज श्रीधर 'स्वर्गीय'
नागपुर में संस्कार भारती की अखिल भारतीय साधारण-सभा की तीन दिवसीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस सभा में झारखंड समेत देश के विभिन्न प्रांतों से आये 400 प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
नागपुर के डा. हेडगेवार स्मृति भवन के सभागार में 8 नवंबर को मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व संस्कार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मैसुर मंजुनाथ जी ने माँ भारती के चित्र के समक्ष मंगल दीप प्रज्ज्वलित करते हुए इस तीन दिवसीय बैठक का शुभारंभ किया। इसके उपरांत संस्कार भारती के ध्येय गीत "साधयति संस्कार भारती भारते नवजीवनम्..." की प्रस्तुति हुई।
इसके बाद उद्बोधन के पश्चात दोनों महानुभावों ने महाराष्ट्र की प्राचीन विरासत और भारतीय संविधान पर आधारित दो अलग-अलग प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी किया।
संध्या में नागपुर के कलाकारों ने संघ के सौ वर्ष की यात्रा की नृत्यनाटिका की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दूसरे दिन माँ भारती के महान सपूत व संघ के संस्थापक डा. हेडगेवार की प्रतिमा के समक्ष देश भर से आये संस्कार भारती के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने "पूर्ण विजय संकल्प हमारा...." का सामूहिक गान किया।
विभिन्न सत्रों में विभाजित तीन दिनों तक चली बैठकों में आगामी कार्य योजनाओं पर विचार विमर्श हुआ। कई नयी योजनाएँ बनीं।
संस्कार भारती के केंद्रीय कार्यालय सचिव अशोक कुमार तिवारी तथा अखिल भारतीय मंत्री डॉक्टर संजय कुमार चौधरी की इस साधारण-सभा में विशेष उपस्थिति रही।
झारखंड प्रांत से प्रांतीय अध्यक्ष डा. सुशील अंकन, प्रदेश महामंत्री संजय कुमार श्रीवास्तव, प्रांत कोषाध्यक्ष सीए विकास वर्मा, मातृ शक्ति संयोजिका अनिता सिंह, लोक कला संयोजक हरिओम सुधांशु व चित्रकला संयोजक सरोज कुमार मिश्र की सहभागिता रही।
बैठक से प्राप्त पाथेय व "वन्दे मातरम्..." के सामूहिक गान के साथ साधारण सभा की बैठक संपन्न हुई।
